गीता दृष्टि
मृत्युः सर्वहरश्चाहमुद्भवश्च भविष्यताम्।
कीर्तिः श्रीर्वाक्च नारीणां स्मृतिर्मेधा धृतिः क्षमा।।10.34।।
मैं सब का नाश करने वाली मृत्यु और भविष्य में होने वालों की उत्पत्ति का कारण हूँ; स्त्रियों में कीर्ति, श्री, वाक (वाणी), स्मृति, मेधा, धृति और क्षमा हूँ।।
प्रत्येक प्राणी केवल अपने जीवन काल में अनेक वस्तुओं और
व्यक्तियों के संबंधों के द्वारा अपना एक भिन्न अस्तित्व बनाये रखता है।
मृत्यु के पश्चात् विद्वान और मूढ़,पुण्यात्मा और पापात्मा, बलवान और
दुर्बल, शासक और शासित ये सब धूलि में मिल जाते हैं- एक समानरूप बन जाते
हैं जिनमें किसी प्रकार का भेद नहीं किया जा सकता।भगवान ने पूर्व मे जो अक्षय काल कहा है वह निरंतर है ,इसके पहले उन्होने गणना करने वालों मे समय कहा है अब वे इन दोनों को और ज्यादा स्पष्ट करते है - मैं सबका नाश करने वाली मृत्यु कहते हैं और फिर भविष्य मे होने वाली उत्पत्तिभी कहते हैं । जन्म और मृत्यु दोनों को आप नहीं जानते है -जन्म के पहले आप नहीं होते और मृत्यु के बाद भी आप नहीं होते - भगवान कहते हैं - मैं इन दोनों का हेतु (कारण) हूँ । अनन्त परमात्मा अपने में ही रचना और संहार की क्रीड़ा निरन्तर कर रहा है जिस क्रीड़ा को हम विश्व कहते हैं। गीता की कृष्ण अर्जुन के संवाद की शुरुआत ही यही है , अर्जुन मारने से बचना चाहता है।
ओशो ने इस पर कहा है -
कृष्ण कहते हैं, मृत्यु भी मैं हूं जन्म भी मैं हूं। जन्म का कारण भी मैं, मृत्यु का कारण भी मैं।थोड़ी
कठिनाई होगी यह जानकर कि अर्जुन पूछ सकता है कृष्ण से, तो फिर मैं इन
लोगों को कैसे मारूं? इनकी हत्या मैं क्यों करूं? यह तत्क्षण खयाल में
उठेगा।
अर्जुन के मन में भी यह सवाल तो उठ ही सकता है कि जिनको मैं जिला नहीं
सकता, जन्म नहीं दे सकता, उनको मैं मारूं कैसे? यही अर्जुन कह ही रहा है,
यही उसकी समस्या है।कृष्ण
इस समस्या को जिस पर्सपेक्टिव, कृष्ण जिस परिप्रेक्ष्य से इस सारी स्थिति
को देखते हैं, वे अर्जुन से यह कह रहे हैं कि तेरा यह मानना कि तू इन्हें
मार रहा है, वह भी भ्रांति है, क्योंकि मारने वाला मैं हूं। वह भ्रांति भी
तू मत पाल। वह सिर्फ तेरी भ्रांति है। तू मार भी नहीं सकता।इसका
मतलब यह हुआ कि जो आदमी आत्महत्या कर रहा है, वह भी सिर्फ भ्रांति में है
कि मैं अपने को मार रहा हूं। वस्तुत: कोई अपने को मार नहीं सकता, जब तक कि
मौत हो मारने को न आ गई हो, जब कि परमात्मा का ही हाथ न आ गया हो। जब आपको
मरने का खयाल आता है, वह खयाल भी आपका नहीं होता। वह भी उसी स्रोत से आता
है, जिस स्रोत से जन्म आता है। सिर्फ आपको भ्रांति हो सकती है। और वह
भ्रांति आपको लंबे चक्कर में डाल सकती है।
आदमी
अगर अपनी आत्महत्या भी कर रहा है, तो वह ऐसी ही भ्रांति में है कि मैं कर
रहा हूं। लेकिन जिंदगीभर करने का हम भ्रम पालते हैं, इसलिए मौत में भी हम
पाल सकते हैं। हम जिंदगीभर सोचते हैं, यह मैं कर रहा हूं। यह मैं कर रहा
हूं। यह मैं कर रहा हूं! हम तो यहां तक सोचते हैं कि सांस भी मैं ले रहा
हूं। जी भी मैं रहा हूं!
नहीं,
आप सांस भी नहीं ले रहे हैं, जी भी आप नहीं रहे हैं। अगर आप ही सांस लेते
होते, तो मौत तो कभी आ ही नहीं सकती। मौत दरवाजे पर आ जाती, आप कहते, अभी
मैं सांस लेना बंद नहीं करता, मैं लेता ही रहूंगा। लेकिन सांस बाहर जाएगी,
नहीं लौटेगी, आप भीतर नहीं ले सकेंगे। जीवन आपसे नहीं चल रहा है, आपकी बहुत
गहराई से चल रहा है। जहां से जीवन चल रहा है, वही परमात्मा है; जहां से
मौत आती है, वही परमात्मा है। आप सिर्फ बीच की एक लहर हैं।
तो
कृष्ण अर्जुन से यह कह रहे हैं कि न तू जन्म दे सकता है, न तू मृत्यु दे
सकता है। अगर तू इस सत्य को समझ ले, तो फिर तू निमित्त मात्र है। मौत भी हो
तेरे द्वारा, तो वह मेरे से ही होगी। और जन्म भी हो तेरे द्वारा, तो भी
मेरे से ही होगा। अंततः मैं हूं। तू बीच में एक निमित्त मात्र है।
Comments
Post a Comment